![]()
गाजीपुर में शनिवार को भीषण गर्मी और उमस के बाद मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आकाशीय बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले कई दिनों से जिले में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से जनजीवन प्रभावित था। 15 जून से मानसून की शुरुआत के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं हुई थी, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा था। बारिश शुरू होते ही मौसम सुहावना हो गया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर दृश्यता भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है और कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ हवाएं चलने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजीपुर ने आकाशीय बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया है। दामिनी एप्लिकेशन के अनुसार, गाजीपुर सदर और आसपास के क्षेत्रों में अगले 7 मिनट तक आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई गई है। आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने लोगों से पक्के मकानों में रहने की अपील की है। उन्होंने टीन शेड और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा दामिनी और सचेत एप्लिकेशन के माध्यम से लगातार मौसम अलर्ट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
Source link
गाजीपुर में तेज बारिश से गर्मी से राहत:आकाशीय बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी, लोग सतर्क रहें