गाजियाबाद में ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार:13 लाख कैश, 894 ग्राम ड्रग्स और 2 ग्राम कोकीन बरामद


गाजियाबाद पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर कौस्तुभ मिश्रा उर्फ कार्तिक (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 लाख रुपये नकद, 894 ग्राम विभिन्न प्रकार के अवैध ड्रग्स और 2 ग्राम कोकीन बरामद की है। यह कार्रवाई संतोष मेडिकल सर्विस रोड, सेक्टर-12 प्रताप विहार क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, कौस्तुभ मिश्रा बिहार का निवासी है और नोएडा, गाजियाबाद तथा दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह बिहार से अवैध ड्रग्स लाकर ऑनलाइन ऑर्डर के माध्यम से सप्लाई करता था। डिलीवरी के लिए पोर्टर प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाता था, जबकि भुगतान यूपीआई के जरिए बैंक खातों में लिया जाता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी और उसके साथी विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों के व्हाट्सएप ग्रुपों से जुड़कर युवाओं को ड्रग्स की जानकारी देते थे। वे इन ग्रुपों के माध्यम से ऑनलाइन ऑर्डर लेकर मादक पदार्थों की आपूर्ति करते थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने कई साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से ड्रग्स तस्करी का एक संगठित नेटवर्क चला रहा था। गिरोह के कई सदस्य पहले ही गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। कौस्तुभ ने बताया कि साथियों की गिरफ्तारी के बाद बचे हुए ऑर्डरों की डिलीवरी करने के लिए वह दोबारा बिहार से मादक पदार्थ लेकर एनसीआर पहुंचा था। बरामदगी में कुल 894 ग्राम विभिन्न प्रकार के ड्रग्स, 2 ग्राम कोकीन, 13 लाख रुपये नकद के साथ-साथ पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली पॉलीथिन, स्टेपलर और अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार, कौस्तुभ मिश्रा थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्ध नगर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित भी था। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *