![]()
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने ग्राम कनौजा और मुरादनगर क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान प्रवर्तन जोन-02 के प्रभारी के नेतृत्व में जीडीए अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। अभियान की शुरुआत ग्राम कनौजा से हुई, जहां करीब 6000 वर्गमीटर भूमि पर बिना अनुमति मिट्टी भराव और प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही थी। जांच में संबंधित लोगों के पास कोई स्वीकृत मानचित्र या वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कनौजा में ही लगभग 13 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी चल रही थी। यहां मिट्टी डालकर रास्तों का निर्माण किया जा रहा था। जीडीए ने इस निर्माण को भी नियमों के विरुद्ध मानते हुए बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। वहीं, मुरादनगर क्षेत्र के खसरा संख्या-16 में करीब 13 हजार वर्गमीटर भूमि पर अवैध प्लाटिंग का काम किया जा रहा था। यहां सड़क और नाली का निर्माण कराया गया था, साथ ही प्लॉटों की सीमाएं तय करने के लिए चिनाई भी की गई थी। मौके पर वैध स्वीकृति न मिलने पर जीडीए ने इस निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित रखा गया और कार्रवाई बिना किसी रुकावट के जारी रही। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
Source link
गाजियाबाद में जीडीए ने अवैध कॉलोनियां तोड़ी:कनौजा-मुरादनगर में चला बुलडोजर, 6000 वर्गमीटर भूमि मुक्त कराई