गाजियाबाद तनिष्क चोरी- कर्मचारी नितिन और परिवार फरार:जन्मदिन पार्टी के बाद की वारदात, कैशियर की चाबी से खोला था शोरूम


गाजियाबाद के आरडीसी स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों रुपये के आभूषणों की चोरी के मामले में जांच जारी है। घटना के बाद तनिष्क की हेड ऑफिस टीम भी गाजियाबाद पहुंच गई है। टीम शोरूम के स्टॉक का मिलान कर चोरी हुए आभूषणों और कुल नुकसान का आकलन कर रही है।जांच में सामने आया है कि 11 जून की रात शोरूम कर्मचारी नितिन वर्मा ने अपने जन्मदिन के नाम पर अन्य कर्मचारियों को पार्टी दी थी। इस पार्टी में भारी मात्रा में शराब परोसी गई थी। बताया गया है कि शोरूम की चाबी कैशियर गौतम के पास रहती थी, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और गाजियाबाद के शास्त्रीनगर में किराए पर रहता है। गौतम ने पूछताछ में बताया कि उसने इतनी शराब पी ली थी कि उसे याद नहीं कि रात में चाबी कब और कैसे उसके पास से चली गई। नितिन और चिंटू मोदीनगर के रहने वाले सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, नितिन वर्मा अपने दोस्त चिंटू के साथ शोरूम पहुंचा। नितिन ने कर्मचारी जैसी ड्रेस पहनी थी ताकि किसी को उन पर शक न हो। फुटेज में दोनों को शोरूम खोलते हुए देखा गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि नितिन और चिंटू दोनों मोदीनगर के निवासी हैं और एक-दूसरे के करीबी मित्र हैं। घटना के बाद से नितिन वर्मा का पूरा परिवार, जिसमें उसके माता-पिता और बहन शामिल हैं, घर बंद कर गायब है। पुलिस अब परिवार की भूमिका और उनकी वर्तमान लोकेशन की भी जांच कर रही है। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के अनुसार, नितिन के पिता भी मोदीनगर में एक सुनार की दुकान पर काम करते हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि नितिन पहले मोदीनगर में ही एक ज्वेलरी दुकान पर कार्यरत था और करीब दो महीने पहले ही तनिष्क शोरूम में नौकरी पर लगा था। पांच टीमें लगातार दबिश दे रही मामले के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता नितिन वर्मा और उसके साथी चिंटू की गिरफ्तारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद ही चोरी, परिवार की भूमिका और चोरी गए आभूषणों से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *