![]()
दतिया कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े की सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता का एक दिलचस्प मामला सोमवार को सामने आया। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का रहने वाला 26 वर्षीय राजकुमार गुप्ता अपनी गर्लफ्रेंड की एक शर्त पूरी करने के लिए दतिया पहुंच गया। दरअसल, उसकी गर्लफ्रेंड ने कहा था कि अगर वह सच में उससे प्यार करता है तो दतिया जाकर कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े से मिलकर दिखाए। इसी बात को दिल पर लेकर राजकुमार यूपी से लंबा सफर तय कर दतिया आ गया। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही तबीयत बिगड़ी
पेशे से टैक्सी ड्राइवर राजकुमार सोशल मीडिया पर कलेक्टर बानखेड़े के काम और व्यक्तित्व से काफी प्रभावित था। उसने बताया कि वह शुक्रवार को ट्रेन से झांसी पहुंचा और वहां से बस के जरिए दतिया आया। दतिया पहुंचकर वह एक होटल में रुका। शनिवार को वह कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन अवकाश होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। रविवार का दिन भी उसे होटल में ही बिताना पड़ा। सोमवार दोपहर वह एक बार फिर कलेक्ट्रेट पहुंचा। उसी समय वहां टीएल मीटिंग चल रही थी। तेज गर्मी और लगातार सफर की थकान के कारण अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। पानी पीते समय उसे सिर में दर्द हुआ और वह कलेक्ट्रेट परिसर में बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल पहुंचकर राजकुमार से मिले कलेक्ट्रेट
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उसे संभाला। युवक को सिविल सर्जन डॉ. के.सी. राठौर की कार से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। करीब दो घंटे बाद कलेक्टर खुद जिला अस्पताल पहुंचे और राजकुमार से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने युवक के साथ फोटो और सेल्फी भी खिंचवाई। राजकुमार ने बताया कि दतिया में रुकने और यात्रा के दौरान उसके सारे पैसे खत्म हो गए। यहां तक कि होटल का किराया देने के लिए भी उसके पास रकम नहीं बची। उसने अपने एक परिचित से फोन पर मदद मांगी है। बोला- ब्रेकअप होने से बच गया
अस्पताल में कलेक्टर से मुलाकात के बाद राजकुमार काफी खुश नजर आया। उसने बताया कि उसकी सबसे बड़ी इच्छा कलेक्टर से मिलकर फोटो खिंचवाने की थी, जो अब पूरी हो गई। उसने तुरंत फोटो और वीडियो अपनी गर्लफ्रेंड को भेज दिए। राजकुमार ने बताया कि कलेक्टर साहब ने मुझसे कहा है कि पहले ठीक हो जाओ फिर बंगले पर आना। मेरी यही इच्छा थी कि मैं उनसे ऑफिस में मिलूं। राजकुमार ने मुस्कुराते हुए कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड अब बहुत खुश है और उसका ब्रेकअप होने से बच गया। उसने बताया कि गर्लफ्रेंड ने साफ कह दिया था कि अगर वह कलेक्टर से नहीं मिल पाया तो उससे बात नहीं करेगी।
Source link
गर्लफ्रेंड की शर्त पूरी करने यूपी से दतिया पहुंचा युवक:कलेक्टर से मिलते ही खुश हुआ टैक्सी ड्राइवर, बोला- अब ब्रेकअप होने से बच गया