![]()
प्रभु श्रीराम की नगरी को स्वच्छता के शिखर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ नगर निगम ने रविवार को “गंदगी पर प्रहार” अभियान का शुभारंभ किया। स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत शुरू हुए इस विशेष अभियान की शुरुआत आस्था के प्रमुख केंद्र राम की पैड़ी और नया घाट से हुई, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई कर्मियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। सुबह की पहली किरण के साथ ही रामनगरी के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता का महाअभियान शुरू हो गया। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अधिकारियों ने सफाई कार्य में भाग लिया। हजारों सफाई कर्मी शहर की सड़कों, घाटों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने में जुटे दिखाई दिए। 400 स्थानों पर एक साथ विशेष सफाई अभियान चलाया महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के लगभग 400 स्थानों पर एक साथ विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दिन की पहल नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य अयोध्या को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करना है। अभियान में नगर निगम के 60 वार्डों के पार्षद भी अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय रहे। सुबह सात बजे से ही सभी वार्डों में सफाई कार्य शुरू हो गया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही रामनगरी स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकेगी।
Source link
गंदगी पर प्रहार, स्वच्छता का संकल्प:रामनगरी में 400 स्थानों पर चला महाअभियान, स्वच्छता का संदेश दिया