![]()
शाहजहांपुर में गंगा सतलुज एक्सप्रेस ट्रेन में एक महिला यात्री का बैग चोरी हो गया। बैग में लाखों रुपए के सोने के जेवरात रखे थे। पीड़िता ने ट्रेन के अंदर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है। बैग में सोने की चेन, दो कंगन, तीन जोड़ी कान के टॉप्स और तीन अंगूठियां शामिल थीं। पीड़िता गरिमा अवस्थी मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट की रहने वाली हैं और वर्तमान में उज्जैन में रहती हैं। उन्होंने 5 मई को शाहजहांपुर जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। गरिमा फिरोजपुर से शाहजहांपुर तक गंगा सतलुज ट्रेन के ए-2 कोच की बर्थ नंबर 43 पर यात्रा कर रही थीं। शिकायत के अनुसार, मुरादाबाद स्टेशन पहुंचने से पहले उनका बेबी बैग सीट पर रखा था। गरिमा रात 4 बजे सो गईं और 4 बजकर 40 मिनट पर जब उनकी आंख खुली तो बैग गायब था। उस समय तक ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन से आगे निकल चुकी थी। बैग में बच्चे के खाने-पीने के सामान और कपड़ों के साथ सोने के आभूषण भी थे। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में ट्रेन में भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एसी कोच में भी बिना टिकट के सामान्य यात्री घूम रहे थे, अटेंडेंट की कोई जिम्मेदारी नहीं थी और कोई टीटीई स्टाफ मौजूद नहीं था। साथ ही, बेड रोल भी गंदे दिए गए थे। गरिमा अवस्थी ने सवाल उठाया कि एसी का अधिक किराया लेने के बावजूद यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसी की क्यों नहीं है। शाहजहांपुर जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की घटना मुरादाबाद में हुई थी। इसलिए, शाहजहांपुर में जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे आगे की जांच के लिए मुरादाबाद जीआरपी थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना अब मुरादाबाद पुलिस द्वारा की जाएगी।
Source link
गंगा सतलुज ट्रेन में महिला यात्री का बैग चोरी:जेवरात गायब, शाहजहांपुर में FIR दर्ज कर मुरादाबाद ट्रांसफर की गई