गंगा नदी में डूबने से बीकॉम छात्र की मौत:उन्नाव में परिजनों ने दोस्तों पर जताई आशंका, पुलिस जांच में जुटी


उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में दबौली गंगा घाट पर शनिवार शाम एक बीकॉम छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उन्नाव कोतवाली थाना क्षेत्र के करोवन निवासी 20 वर्षीय श्रीयांश तिवारी के रूप में हुई है। श्रीयांश बीकॉम का छात्र था और लखनऊ में पार्ट टाइम नौकरी भी करता था। परिजनों के अनुसार, श्रीयांश शनिवार को लखनऊ जाने के लिए घर से निकला था। बताया गया कि लखनऊ से आए उसके कुछ दोस्त उसे अपने साथ फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के दबौली गंगा घाट ले गए थे। यहीं मंदिर दर्शन और गंगा स्नान के दौरान वह डूब गया। दोस्तों ने फोन पर परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, श्रीयांश शनिवार शाम करीब पांच बजे दबौली पहुंचा था और कुछ देर बाद गंगा में स्नान करने गया। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से उसका शव गंगा से बरामद किया गया। दोपहर करीब 12 बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरे मामले की जांच तथा कार्रवाई की मांग की। मृतक के चाचा कमलेश तिवारी ने बताया कि श्रीयांश लखनऊ में नौकरी करता था और काम के लिए घर से निकला था। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ से आए चार दोस्त उसे अपने साथ ले गए थे। परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताया है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आगे एफआईआर दर्ज कराकर पुलिस जांच कराने की बात कही। श्रीयांश अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फतेहपुर चौरासी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *