![]()
हरदोई में गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार की सुबह करीब 10 बजे तेरा पुरसौली गंगा घाट पर स्नान करते समय एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की गहरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने दोपहर बाद लगभग चार घंटे की खोजबीन के बाद बुजुर्ग का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम बाग़ पुरवा (मजरा छोंछपुर) निवासी श्रवण कुमार (63) सोमवार सुबह गंगा दशहरा पर तेरा पुरसौली घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे स्नान करते समय श्रवण कुमार अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने श्रवण कुमार को डूबते देख सहायता के लिए पुकारा। सूचना मिलने पर घाट पर तैनात स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। लगभग चार घंटे की खोजबीन के बाद दोपहर में गोताखोरों ने बुजुर्ग का शव बरामद कर नदी से बाहर निकाला। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर उसे कब्जे में ले लिया। मृतक श्रवण कुमार के परिवार में उनकी पत्नी जगदेवी, एक बेटा मनीष और चार बेटियां शामिल हैं।
Source link
गंगा दशहरा पर बुजुर्ग नदी में डूबा, मौत:हरदोई में घाट पर स्नान के दौरान हादसा, 4 घंटे बाद मिला शव