![]()
शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे एक बार फिर चर्चा में है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने एक्सप्रेस-वे पर आवारा पशुओं का एक वीडियो साझा किया है। उन्होंने इस वीडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में गंगा एक्सप्रेस-वे पर बीच सड़क पर आवारा पशु खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इस एक्सप्रेस-वे को ‘सांड एक्सप्रेस-वे’ बताते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार में न तो गौमाता सुरक्षित हैं और न ही इंसान। यह वीडियो जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेस-वे पर बनाया गया है। गंगा एक्सप्रेस-वे 594 किलोमीटर लंबा है, जो मेरठ को प्रयागराज से जोड़ता है। इसकी कुल लागत 36,230 करोड़ रुपये है। शाहजहांपुर से लगभग 45 किलोमीटर का हिस्सा इस एक्सप्रेस-वे से गुजरता है। जलालाबाद क्षेत्र में इसी एक्सप्रेस-वे पर साढ़े तीन किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी भी बनी है, जहां लगभग दो साल पहले लड़ाकू विमानों के उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास किया गया था। राजपाल कश्यप, जो सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधानपरिषद के पूर्व सदस्य रह चुके हैं, पिछले कुछ समय से शाहजहांपुर में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर 3 मिनट 15 सेकंड का यह वीडियो साझा किया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे तेज गति से वाहनों के आवागमन के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन आवारा पशुओं की मौजूदगी से लोगों को जान का खतरा मोल लेना पड़ रहा है। कश्यप ने दावा किया कि पूर्व में भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सपा सरकार द्वारा बनाए गए एक्सप्रेस-वे, जैसे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, से सीख ले सकते थे। उस पर कोई जानवर दिखाई नही पड़ता है। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान सरकार में न तो गौमाता सुरक्षित हैं और न ही इंसान। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर जगह जगह जानवरों को हमने देखा है तो ये गंगा एक्सप्रेस-वे है या सांड एक्सप्रेस-वे है। इस इस सरकार में भ्रष्टाचार इतना है कि सड़क तो ठीक से बनाई नही और सड़क पर सुरक्षा भी ठीक से नही दे पा रहे हैं। जनता से टोल भारी भरकम ले रहे हैं। गोशालाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है, सरकार बताए कि अगर गौशाला चल रही हैं तो सांड और गौमाता सड़क पर क्यों हैं। राम मंदिर चढावे में भी भ्रष्टाचार, सड़क निर्माण, गंगा एक्सप्रेस-वे पर भ्रष्टाचार ये तो भ्रष्टाचार की सरकार है। ये सरकार भ्रष्टाचार में कण तक डूब चुकी है। इनको आम आदमी के जीवन से कोई लेना-देना नही है। जगह जगह गंगा एक्सप्रेस-वे पर सांड खड़े हैं। अगर रात में स्पीड में कोई वाहन चलेगा तो एक्सीडेंट हो जाएगा। उन्होंने मांग की है कि जो गंगा एक्सप्रेस-वे पर लोग चल रहे हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
Source link
गंगा एक्सप्रेस-वे पर आवारा पशुओं का झुंड:सपा नेता बोले- ये गंगा एक्सप्रेस-वे है या सांड एक्सप्रेस-वे, सरकार जवाब दे