खैर इंस्पेक्टर संजीव कुमार निलंबित:अलीगढ़ में महिला की शिकायत दबाई, तहरीर बदलवाकर की FIR, PRV के 2 सिपाहियों पर खनन वाहनों से वसूली का आरोप


खैर थाने में महिला संबंधी अपराध की शिकायत लेकर पहुंची पीड़िता की सुनवाई नहीं करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। आरोप है कि महिला को पहले टरका दिया गया। मामला अधिकारियों तक पहुंचने की भनक लगी तो बाद में उसकी तहरीर में बदलाव कराकर आरोपों को कमतर करते हुए FIR दर्ज की गई। शिकायत की जांच में प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आने पर एसएसपी नीरज जादौन ने खैर थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार को निलंबित कर दिया।
वहीं डायल-112 की PRV में तैनात मुख्य आरक्षी रामपुत्र और आरक्षी उमेश कुमार पर ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के साथ खनन से जुड़े वाहनों से वसूली करने के आरोप भी सामने आए हैं। दोनों को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
महिला थाने पहुंची तो नहीं हुई सुनवाई
मामला महिला संबंधी अपराध की शिकायत से जुड़ा है। आरोप है कि पीड़ित महिला शिकायत लेकर खैर थाने पहुंची, लेकिन उसकी बात गंभीरता से सुनने के बजाय उसे टरका दिया गया। इसके बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचने लगा। आरोप है कि जब पुलिस अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने की स्थिति बनी तो महिला से दोबारा तहरीर ली गई और उसमें मूल आरोपों को कम कराकर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की इसी कार्यशैली को कर्तव्यपालन में शिथिलता माना गया। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी खैर की रिपोर्ट के आधार पर हुई। रिपोर्ट के बाद एसएसपी ने थाना प्रभारी संजीव कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
PRV के दो सिपाहियों पर खनन वाहनों से वसूली का आरोप
दूसरी कार्रवाई डायल-112 की PRV में तैनात मुख्य आरक्षी रामपुत्र और आरक्षी उमेश कुमार के खिलाफ हुई है। दोनों पर ड्यूटी के दौरान नैतिक कर्तव्य से हटकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने और खनन वाहनों से वसूली करने के आरोप सामने आए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर दोनों को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
SSP बोले- लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसएसपी नीरज जादौन ने तीनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। शिकायतों की जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है और विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक ही दिन में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई से महकमे में हलचल
खैर थाना प्रभारी और डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों पर एक साथ हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हलचल है। खासतौर पर महिला की शिकायत पर कार्रवाई में लापरवाही और तहरीर बदलवाकर मामले को हल्का करने के आरोप ने थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं PRV कर्मियों पर खनन वाहनों से वसूली के आरोप की विभागीय जांच में अब यह स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *