खेत पर खड़ी सीएनजी कार में लगी आग:जालौन में देखते ही देखते वाहन जलकर खाक


जालौन के रेंढ़र थाना क्षेत्र के इगुई गांव में शनिवार दोपहर खेत के किनारे खड़ी एक सीएनजी कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इगुई गांव निवासी कल्लू कुशवाहा शनिवार को अपनी कार से खेत पर काम करने गए थे। उन्होंने अपनी कार खेत के किनारे खड़ी कर दी थी। इसी दौरान अचानक कार के इंजन या केबिन से धुआं उठता दिखाई दिया। खेतों में मौजूद अन्य किसानों और राहगीरों ने धुआं देखकर शोर मचाया और मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही पलों में सीएनजी कार में आग तेजी से फैल गई और तेज लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। खेतों में काम कर रहे लोगों और ग्रामीणों ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना की सूचना पर रेंढर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने जली हुई कार के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट, इंजन का अधिक गर्म होना या सीएनजी लीकेज बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *