![]()
कौशांबी में रेलवे ट्रैक के किनारे एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक के सिर और दोनों हाथों पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, लेकिन अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित रोही गांव की है। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे स्थानीय चरवाहों ने रेलवे ट्रैक के बगल में शव देखा और भरवारी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे तक शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक ने काले रंग की पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। शव एक दिन पुराना लग रहा है और उसकी नाक से खून भी आ रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया हो। भरवारी चौकी प्रभारी नितेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्ट्या मृतक चलती ट्रेन से गिरा हुआ यात्री प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता चल पाएगा। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
Source link
कौशांबी में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव:सिर-हाथों पर चोट के निशान, हत्या की आशंका, शिनाख्त नहीं