कौशांबी में बारिश से तापमान में 4 डिग्री गिरावट:लोगों को उमस से मिली राहत, गंगा का जलस्तर बढ़ा


कौशांबी में मंगलवार सुबह हुई जोरदार बारिश से जिले का मौसम पूरी तरह बदल गया। सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए रहे, जिससे दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल बना रहा। पिछले करीब 15 दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। बारिश के कारण जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, बाहरी जनपदों में हुई बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है, जिस पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। बारिश के बाद तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। बारिश से पहले जिले का अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच था, जो अब घटकर 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं शाम के समय न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक जिले में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इस बारिश से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी यह काफी लाभदायक साबित हो रही है। धान की रोपाई और सिंचाई में बारिश से मदद मिली है, हालांकि लगातार वर्षा होने पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *