कौशांबी में किशोरी ने फंदे से लटककर दी जान:चारपाई के बाध से कमरे में लगाई फांसी, मां रसोई में बना रही थी खाना


कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के बालकमऊ गांव में गुरुवार शाम एक किशोरी ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बालकमऊ गांव निवासी अविनाश पटवा की पुत्री रिया कुमारी (17) ने शाम करीब 7:30 बजे घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि उसने चारपाई बुनने के लिए रखी रस्सीनुमा बाध को कमरे में लगे चुल्ले से बांधकर फंदा बना लिया। घटना के समय रिया की मां रसोई में खाना बना रही थीं। कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंचीं तो बेटी का शव फंदे से लटका देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि मृतका के पिता अविनाश पटवा फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और घटना के समय घर से बाहर थे। सूचना मिलने पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *