कैंटोनमेंट बोर्ड और आरएलआरसी ने कसी कमर:नाथ गंगा प्रोजेक्ट के तहत नकटिया नदी और कैंट क्षेत्र के नौ जलस्रोतों से लिए गए सैंपल


बरेली कैंटोनमेंट क्षेत्र के बाशिंदों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल मुहैया कराने के लिए बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड ने एक बड़ी पहल शुरू की है। बोर्ड ने रुहेलखंड लेबोरेटरी एंड रिसर्च सेंटर (RLRC) के साथ मिलकर पानी की वैज्ञानिक निगरानी का जिम्मा संभाला है। इस साझेदारी का सीधा मकसद न केवल घरों तक पहुंचने वाले पानी की नियमित लैब जांच सुनिश्चित करना है, बल्कि पूरे इलाके के जलस्रोतों की सेहत सुधारना भी है। यह पूरा कदम “नाथ गंगा परियोजना” का हिस्सा है, जिसके तहत ऐतिहासिक नकटिया नदी के पुनर्जीवन, स्वच्छता और जल संरक्षण पर काम तेज कर दिया गया है। नौ अलग-अलग इलाकों से जुटाए गए पानी के नमूने
अभियान की शुरुआत में आरएलआरसी की तकनीकी और वैज्ञानिक टीम ने तय मानकों का पालन करते हुए कैंटोनमेंट क्षेत्र के 9 अहम स्थानों से पानी के सैंपल एकत्र किए। जांच के लिए एकत्र किए गए नमूनों में ट्रेंचिंग ग्राउंड से भूजल व टैंक का पानी, थिरिया पुल और धोपा मंदिर के पीछे से नकटिया नदी का जल, धोपा मंदिर के पास तालाब का पानी, कैंटोनमेंट बोर्ड दफ्तर में सीईओ डॉ. तनु जैन के कार्यालय का नल का पानी, सदर क्षेत्र की ओवरहेड टंकी का पानी, आरएन टैगोर जूनियर हाई स्कूल के पास सीएफ आवास संख्या 70 तथा बीआई बाजार स्थित सीएफ आवास का पानी शामिल है। लैब रिपोर्ट के बाद तय होंगे सुधारात्मक कदम
एकत्र किए गए सभी नमूनों की आरएलआरसी की अत्याधुनिक लैब में भौतिक और रासायनिक मानकों पर गहन जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद पानी की मौजूदा स्थिति का सही आकलन हो सकेगा। यदि किसी क्षेत्र के पानी में मानक स्तर से अंतर पाया गया, तो तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे और नियमित मॉनिटरिंग की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पर्यावरण और नदी संरक्षण को समग्र विकास से जोड़ा
कैंटोनमेंट बोर्ड ने इस कवायद को सिर्फ नलों के पानी तक सीमित न रखकर व्यापक पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा है। नाथ गंगा परियोजना के तहत नकटिया नदी को प्रदूषण मुक्त कर उसकी अविरल धारा लौटाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही हरित पट्टी के विस्तार, बड़े पैमाने पर पौधारोपण और जनभागीदारी पर जोर दिया जा रहा है। आरएलआरसी प्रबंधन ने सीईओ डॉ. तनु जैन की इस पहल का स्वागत करते हुए पूरे मिशन में तकनीकी और वैज्ञानिक सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *