कुशीनगर में CM दौरे से पहले दो सपा नेता हाउस:बेरोजगारी, नीट जैसे मुद्दों पर प्रदर्शन की आशंका में कार्रवाई


कुशीनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशीनगर दौरे से पहले जिले में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के दो नेताओं को उनके आवास पर ही पुलिस निगरानी में रखे जाने का मामला सामने आया है। सपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता मधुश्याम राय को सोमवार देर रात उनके आवास पर ही रोक दिया गया। मधुश्याम राय पूर्व में समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव रह चुके हैं और वर्तमान में तमकुहीराज विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार माने जाते हैं। मधुश्याम राय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि रात करीब 12 बजे से पुलिस ने उनके घर को घेर रखा है। उन्होंने कहा कि उन्हें रोकने का कोई कारण नहीं बताया गया और यह लोकतंत्र की हत्या है। युवजन सभा जिलाध्यक्ष भी निगरानी में रामकोला विधानसभा क्षेत्र निवासी और समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव को भी पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया। देवेंद्र यादव का आरोप है कि प्रशासन को आशंका थी कि वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बेरोजगारी, नीट परीक्षा पेपर लीक और अन्य जनहित के मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें घर में रोकना उनके संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। सपा नेताओं ने प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल सपा जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि विपक्षी नेताओं को इस तरह घरों में रोकना लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। वहीं पार्टी के जिला महासचिव एनुल हक ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दे उठाने वाले समाजवादी कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। आज हरिहरपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह 10:30 बजे तमकुहीराज क्षेत्र के हरिहरपुर पहुंचेंगे। यहां वह 376.67 करोड़ रुपये की लागत वाली 271 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा निर्माणाधीन कृषि विश्वविद्यालय का निरीक्षण भी करेंगे। पुलिस-प्रशासन की ओर से नहीं आया बयान सपा नेताओं को घरों में रोके जाने के मामले में समाचार लिखे जाने तक पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और कार्यक्रम स्थल समेत विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *