कासगंज में शिक्षिका के निलंबन पर छात्र छात्राओं का प्रदर्शन:स्कूल गेट पर ताला लगाकर बैग टांगे, वापसी की मांग पर अड़े


कासगंज के भिटोना स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षिका के निलंबन के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन किया। शिक्षिका शालिनी मिश्रा के निलंबन की जानकारी मिलने पर नाराज छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और अपने बैग टांगकर विरोध जताया। वे शिक्षिका की वापसी की मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों का आरोप है कि शिक्षिका सभी विद्यार्थियों को समान रूप से पढ़ाती थीं और स्कूल की साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक करती थीं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शिक्षिका को वापस नहीं बुलाया जाएगा, तब तक वे स्कूल नहीं खुलने देंगे। निलंबन के पीछे की वजह यह बताई जा रही है कि स्कूल में बच्चों द्वारा सफाई किए जाने की तस्वीरें बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को भेजी गई थीं। इसके अतिरिक्त, पोर्टल पर उपस्थिति और स्कूल में आने वाले लैब के सामान को लेकर भी विवाद की खबरें हैं। इन्हीं मामलों के चलते बीएसए द्वारा शिक्षिका को निलंबित किए जाने की बात सामने आई है।
छात्रा दीपा ने बताया कि उनकी शिक्षिका बहुत अच्छा पढ़ाती हैं और उनके खिलाफ साजिश रची गई है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षिका वापस नहीं आतीं, वे स्कूल नहीं खुलने देंगे। एक अन्य छात्रा इजरा ने कहा कि स्कूल उनका मंदिर है और उसकी साफ-सफाई करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के स्वच्छता अभियान का हवाला देते हुए कहा कि वे अपने स्कूल को साफ रखते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *