![]()
सीतापुर के सिधौली क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुरैनी निवासी 38 वर्षीय सुमन पत्नी सरोज अपने मायके शाहबाजपुर से वापस घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि वह मंगलम चौराहे से लौट रही थीं। इसी दौरान यादव भट्टे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार फोर व्हीलर संख्या यूपी 32 क्यूवाई 7911 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चालक भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बाइक चालक का उपचार जारी है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे छह बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। सात बच्चों की मां की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे में शामिल फोर व्हीलर वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत:युवक घायल, ससुराल जाते समय हाईवे पर हुआ हादसा