रबी की फसल पर सरकार का फोकस,लखनऊ में मंथन शुरू:140 लाख हेक्टेयर में रबी बुवाई के लक्ष्य पर रणनीति, किसानों-वैज्ञानिकों के बीच तकनीकी संवाद


उत्तर प्रदेश में रबी सीजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को राजधानी लखनऊ में राज्य स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026 शुरू हो गई है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में चल रही गोष्ठी में रबी सीजन 2026-27 की रणनीति को लेकर मंथन किया जा रहा है। 140 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई का लक्ष्य गोष्ठी में प्रदेश में रबी फसलों के लिए निर्धारित करीब 140 लाख हेक्टेयर के बुवाई लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति पर चर्चा हो रही है। गेहूं के साथ दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों को फसल उत्पादन के साथ उत्पादकता बढ़ाने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद कार्यक्रम में किसान, कृषि वैज्ञानिक और वरिष्ठ विभागीय अधिकारी एक मंच पर हैं। रबी फसलों की बेहतर पैदावार, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, उर्वरक के संतुलित इस्तेमाल और फसल विविधीकरण जैसे मुद्दों पर तकनीकी परिचर्चा की जा रही है। किसानों की समस्याओं और उनके सुझावों पर भी अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों के साथ संवाद हो रहा है। दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर सरकार की रबी रणनीति में गेहूं के साथ दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देना अहम हिस्सा है। इसके जरिए किसानों की आय बढ़ाने के साथ प्रदेश में इन फसलों का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। कृषि विभाग की योजनाओं और तकनीकी सहायता को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी चर्चा हो रही है। लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरण गोष्ठी के दौरान कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद किसानों को सरकार की योजनाओं और कृषि क्षेत्र में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों को दिए जाएंगे रबी अभियान के निर्देश गोष्ठी में रबी रणनीति 2026-27 के संबंध में शासन के निर्देश और मार्गदर्शन भी दिया गया। विभागीय अधिकारियों से रबी सीजन के दौरान किसानों को समय पर बीज, खाद और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। राज्य स्तरीय इस बैठक को आगामी रबी सीजन की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों और दिए जाने वाले निर्देशों के आधार पर प्रदेश में रबी फसलों की बुवाई और उत्पादन बढ़ाने की कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *