![]()
कानपुर के जरीब चौकी चौराहे पर 8 मई को प्रस्तावित फोरलेन एलिवेटेड ट्रैक के भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम शक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा और समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। ट्रैफिक विभाग ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इन रूटों पर रहेगा डायवर्जन
बजरिया थाने की तरफ से आने वाले वाहन जरीब चौकी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को रामबाग चौराहे से दाहिने मोड़कर ब्रह्मनगर मार्ग से निकाला जाएगा।
घंटाघर चौराहा और बांस मंडी की तरफ से आने वाले वाहन भी जरीब चौकी चौराहे की ओर नहीं जा पाएंगे। उन्हें संगीत टॉकीज तिराहा से बाएं मोड़कर आचार्यनगर और संगीत टॉकीज कट होते हुए जीटी रोड की तरफ भेजा जाएगा।
गोल चौराहे से आने वाले वाहन जरीब चौकी से घंटाघर की दिशा में नहीं जा सकेंगे। इन्हें अफीम कोठी होते हुए जीटी रोड मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
फजलगंज चौराहा से आने वाले वाहनों को भी जरीब चौकी से घंटाघर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन अफीम कोठी होते हुए जीटी रोड से रवाना किए जाएंगे।
यहां रहेगी पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग पूजा प्लाईवुड एवं हार्डवेयर की दुकान से संगीत टॉकीज चौराहा तक सड़क के दोनों ओर कराई जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायवर्जन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समय से पहले घर से निकलें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
Source link
कानपुर में शुक्रवार ट्रैफिक डायवर्जन:एलिवेटेड ट्रैक के भूमि पूजन के कारण बदला गया रूट, जरीब चौकी चौराहे से बदला रहेगा यातायात