![]()
आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर से एक विशाल रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम लोगों के लिए एक प्रभावी मंच है, जहां सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित और अंतिम निस्तारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि अभी भी कई लोग इस व्यवस्था के बारे में पूरी तरह जागरूक नहीं हैं, इसलिए उन्हें जोड़ने के लिए रैली और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का निपटारा कराएं। अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश तथा नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने बताया कि लोक अदालत जनहित का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जहां निस्तारित मामलों के खिलाफ कोई अपील नहीं होती, जिससे पक्षकारों को स्थायी समाधान मिलता है। उन्होंने बताया कि पिछली लोक अदालत में लगभग दो लाख मामलों का निस्तारण किया गया था और इस बार इससे अधिक मामलों के निपटारे का लक्ष्य रखा गया है। पारिवारिक विवाद, चालान जैसे शमनीय अपराध, बैंक रिकवरी और राजस्व से जुड़े मामलों का निस्तारण यहां प्राथमिकता से किया जाता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी ने बताया कि 9 मई को आयोजित मेगा नेशनल लोक अदालत में सिविल, आपराधिक, पारिवारिक और प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण किया जाएगा। प्री-लिटिगेशन मामलों का समाधान मुकदमा दर्ज होने से पहले ही हो जाता है, जिससे समय और धन की बचत होती है। कार्यक्रम में कानपुर बार एसोसिएशन और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी सहयोग किया। इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) महेश कुमार समेत कई अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Source link
कानपुर में लोक अदालत का 9 मई को आयोजन:रैली के जरिए जागरूक किया गया, परिवारिक, बैंक और चालान मामलों का होगा समाधान