कानपुर में मेहंदी समारोह के दौरान सिलेंडर में लगी आग:घाटमपुर में दुल्हन समेत 12 लोग झुलसे, लोगों ने सिलेंडर बाहर फेंका; सभी कानपुर रेफर


घाटमपुर के जगन्नाथपुर गांव में बुधवार देर शाम शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं। घर में चल रही मेहंदी की रस्म के दौरान गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने से भीषण आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश के दौरान तेल से भरी कढ़ाई भी पलट गई, जिससे गर्म तेल लोगों पर गिर गया। हादसे में दुल्हन समेत 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। जहां घायलों का इलाज हो रहा है। 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला
घाटमपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी जगदीश की बेटी श्वेता की गुरुवार को शादी होनी है। बारात कानपुर से आनी थी, जिसके चलते बुधवार देवशाम घर में मेहंदी की रस्म और शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में रिश्तेदारों और मेहमानों की भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार और ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करने लगे, तभी चूल्हे पर रखी तेल से भरी कढ़ाई पलट गई। गर्म तेल उछलकर आसपास खड़े लोगों पर जा गिरा, जिससे कई लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे में दुल्हन समेत पिता और उनके रिश्तेदार घायल हो गए। आग से दुल्हन समेत 12 लोग झुलसे
हादसे में दुल्हन श्वेता, उसके पिता जगदीश, फोटोग्राफर शिवा, कानपुर देहात के डीघ निवासी फूलकुमारी, जसरा निवासी मिथलेश, बीरपुर निवासी शालू, हमीरपुर के बम्हौरा निवासी ममता, स्नेहलता, धरमपुर निवासी श्री, बंबुराहा निवासी बबली, गांव निवासी हंसराज और ऊषा घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। चार एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया। जहां सभी का इलाज जारी है। इंस्पेक्टर का बयान
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *