कानपुर में मां-बेटी पर ईंट-पत्थर से हमला:अवैध कब्जे के विरोध पर सिर फटा, 5 आरोपियों पर FIR


कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित संजीव नगर में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध कब्जे का विरोध करने पर एक परिवार पर हमला कर दिया गया। पड़ोसी परिवार ने मां-बेटी पर ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसमें मां के सिर में गंभीर चोट आई और आंख के पास भी चोट लगी। गुरुवार रात 8 बजे पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता चांदनी द्विवेदी ने बताया कि उनके पिता रामशंकर द्विवेदी एक सेवानिवृत्त फौजी हैं। उनके घर के सामने सार्वजनिक रास्ते पर पड़ोसी ने पेड़ लगाकर कथित तौर पर अवैध कब्जा कर लिया था। इस कब्जे के कारण रास्ता संकरा हो गया था, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद यह कब्जा नहीं हटाया गया। चांदनी के अनुसार, उन्होंने पहले 112 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद कब्जा हटवा दिया गया। हालांकि, कुछ समय बाद रास्ते पर दोबारा कब्जा कर लिया गया। इसके बाद उन्होंने नगर निगम में भी शिकायत की, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था। आरोप है कि सत्येंद्र पाल, उनके बेटे अमन पाल और परिवार की अन्य महिलाएं पीड़िता के घर पहुंच गईं। उन्होंने पहले गाली-गलौज की और धमकी दी। विवाद बढ़ने पर ईंट-पत्थर चलने लगे। आरोप है कि अमन पाल ने धमकी देते हुए कहा कि वह उनका ‘इंतजाम’ कर देगा। इसके बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गए और ऊपर से ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इस हमले में शोभा द्विवेदी, चांदनी की मां, के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उनका सिर फट गया। उनके चेहरे और आंख के पास भी चोटें आईं। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। चकेरी पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सत्येंद्र पाल, उनके बेटे अमन पाल सहित परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *