![]()
कानपुर के जाजमऊ स्थित मखदूम नगर में एक 11 वर्षीय बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध करने पर एक परिवार पर खौलती चाय फेंक दी गई। इस घटना में 65 वर्षीय दादी सहित पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित परिवार ने शनिवार दोपहर 12 बजे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मखदूम नगर निवासी मुसर्रत अली ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे उनके 11 साल के भतीजे जैन अपनी दादी के लिए चाय लेने पड़ोस के एक होटल पर गए थे। आरोप है कि वहां दुकानदार दानिश ने बच्चे को थप्पड़ मारकर भगा दिया। रोता हुआ जैन घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बच्चे की बात सुनकर चाचा और भतीजा गए बच्चे के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने पर उसके चाचा किस्मत अली और भतीजा आसिम आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी दानिश और शहूद ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। विवाद और शोर सुनकर किस्मत अली की मां, 65 वर्षीय जैबुन निशा भी मौके पर पहुंच गईं। इसी दौरान आरोपियों ने परिवार के लोगों पर खौलती हुई चाय फेंक दी, जिससे जैबुन निशा, किस्मत अली और आसिम झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मुसर्रत अली का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचे और उन पर समझौता करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर परिवार को गोली मारने की धमकी भी दी गई, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। आरोप है कि पूर्व में भी आरोपी में एक जूता दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला करके लहूलुहान किया था। कैंट एसीपी प्रियंका बाजपेई ने बताया कि तीनों घायलों का कांशीराम अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसीपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कानपुर में बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध:परिवार पर फेंकी खौलती चाय, तीन झुलसे; गोली मारने की धमकी