कानपुर में पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे अरेस्ट:पैर में गोली लगने से एक घायल, दूसरे को दौड़ाकर किया गिरफ्तार


कानपुर के कल्याणपुर में महिलाओं से चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाशों की शनिवार रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। एल्डिको के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने एक आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे अरेस्ट कर लिया। वहीं, उसके साथी को दौड़ाकर पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान औरैया निवासी प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल और कानपुर देहात निवासी आशू ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों के पास से लूटी गई सोने की चेन, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 28 जुलाई और 4 अगस्त को कल्याणपुर क्षेत्र में महिलाओं से चेन लूट की वारदात की थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए पहचान होने के बाद पुलिस ने उनकी घेराबंदी की, जहां आरोपियों ने फायरिंग कर दी; घायल प्रशांत समेत दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक सप्ताह में दो महिलाओं से चेन लूटी, CCTV से खुला राज डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पहली वारदात 28 जुलाई की रात करीब 10:50 बजे कश्यप नगर स्थित गोसाई मंदिर के पास हुई थी। शीलू सिंह अपने जेठ के घर जा रही थीं। घर से कुछ कदम पहले बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक से आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। मामले में कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। दूसरी वारदात 4 अगस्त की रात करीब 8:35 बजे विजय नगर-कल्याणपुर रोड पर कैलाश होटल के पास हुई। नेहा त्रिपाठी अपने बेटे के साथ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान काली स्प्लेंडर बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और विजय नगर-कल्याणपुर की ओर भाग निकले। इस घटना की भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। दोनों घटनाओं के CCTV फुटेज खंगालने पर पुलिस को बदमाशों के हुलिए और बाइक से अहम सुराग मिले। फुटेज में सामने आया कि दोनों वारदात में एक ही बदमाश शामिल था। सर्विलांस के जरिए शनिवार रात पुलिस को दोनों की लोकेशन कल्याणपुर स्थित एल्डिको के पास मिली। घेराबंदी होते ही पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक को लगी गोली पुलिस टीम ने एल्डिको के पास दोनों को घेरने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों की घेराबंदी की। इसी दौरान 25 वर्षीय प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसका साथी आशू ठाकुर (22) भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रशांत ग्राम साहूपुर, थाना बिधूना, औरैया का रहने वाला है, जबकि आशू ठाकुर ग्राम मनयपुर, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात का निवासी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से बाइक भी बरामद की। दोनों लूटी चेन, तमंचा और कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों घटनाओं में लूटी गई सोने की चेन, 3720 रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक, 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दोनों ने इससे पहले भी चेन लूट या अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। जांच में प्रशांत के खिलाफ 12 एफआईआर और आशू के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मुठभेड़ में घायल प्रशांत समेत दोनों आरोपियों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, रविवार को दोनों को जेल भेजा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *