![]()
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र स्थित तात्या टोपे नगर में रविवार सुबह करंट लगने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह पेशाब करने के लिए फुलवारी के पास गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रमोद सविता (34) मूल रूप से मंधना क्षेत्र के पेम गांव का रहने वाला था और वर्तमान में रामदेवीपुरम, मंधना में परिवार के साथ रहता था। वह फर्नीचर का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह तात्या टोपे नगर क्षेत्र में था। इसी दौरान वह फुलवारी के पास पेशाब करने गया, जहां लोहे की फेंसिंग में किसी कारण बिजली का करंट उतर आया था। फेंसिंग के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि फेंसिंग में करंट कैसे आया। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Source link
कानपुर में करंट लगने से फर्नीचर कर्मी की मौत:फेंसिंग में उतरे करंट ने की चपेट में आया, पेशाब करने गया था युवक