![]()
कानपुर देहात पुलिस ने बाल विवाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी। यह घटना मूसानगर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध मुक्ता देवी मंदिर में हुई। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, भोगनीपुर थाना क्षेत्र के भज्जापुर गांव की 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का विवाह परमूवन पुरवा निवासी 25 वर्षीय युवक के साथ तय किया गया था। विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और धार्मिक अनुष्ठान भी शुरू हो गए थे। इसी दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन को मंदिर परिसर में बाल विवाह होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मूसानगर थाना प्रभारी रीना गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, जिससे उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विवाह की प्रक्रिया को तुरंत रोक दिया गया। पुलिस ने नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया और उसे आवश्यक कानूनी तथा काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर और एएचटीयू अधिकारियों को सौंप दिया। संबंधित पक्षों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। जनपद में बाल विवाह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, चाइल्ड हेल्पलाइन की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक नाबालिग लड़की का भविष्य सुरक्षित हो सका है।
Source link
कानपुर देहात में पुलिस ने रुकवाया नाबालिग का बाल विवाह:मूसानगर के मुक्ता देवी मंदिर में चाइल्ड हेल्पलाइन की सूचना पर कार्रवाई