![]()
कानपुर देहात के रसूलाबाद में घर के बाहर खेल रहे तीन साल का मासूम रियांश की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, विकास नगर निवासी राजू का तीन वर्षीय बेटा रियांश रविवार रात करीब 10 बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। खेलते समय वह सड़क किनारे बने एक गहरे और खुले नाले में गिर गया। काफी देर तक रियांश के दिखाई न देने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्चा नाले में मिला। उसे तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस नाले में यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से बिना स्लैब के खुला पड़ा था। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत से कई बार नाले को ढकने की मांग की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह पहला हादसा नहीं है। कुछ दिन पहले इसी नाले में एक भैंस गिर गई थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया था। इसके अतिरिक्त, पहले भी कई छोटे बच्चे इस नाले में गिर चुके हैं, जिन्हें समय रहते बचा लिया गया था। लोगों का आरोप है कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो मासूम रियांश की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद पूरे विकास नगर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कस्बे के सभी खुले नालों को तत्काल ढकने की मांग की है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
Source link
कानपुर देहात में खुले नाले में गिरा मासूम, मौत:घर के बाहर खेलते समय गिरा 3 साल का मासूम, नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप