कानपुर के मेस्कर घाट पर गंगा सफाई अभियान:विधानसभा अध्यक्ष के भाई सौरभ महाना ने किया नेतृत्व


कानपुर के कैंट स्थित मेस्कर घाट पर रविवार सुबह “स्वच्छ गंगा–निर्मल गंगा” अभियान चलाया गया। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर मॉर्निंग वॉकर ग्रुप, कानपुर कैंट द्वारा आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा तट की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। समाजसेवी सौरभ महाना, जो विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के चचेरे भाई हैं, के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने सुबह छह बजे से मेस्कर घाट पर सफाई कार्य शुरू किया। इस दौरान घाट की सीढ़ियों और परिसर से पॉलीथीन, प्लास्टिक, फूल-मालाएं, पूजा सामग्री और अन्य कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण करने के बाद घाट की धुलाई की गई, जिससे उसे स्वच्छ और सुंदर स्वरूप मिला। अभियान का उद्देश्य गंगा को प्रदूषण मुक्त रखना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। पोस्टरों से किया जागरूक अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। घाट पर लगाए गए पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे गंगा में प्लास्टिक, पॉलीथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। इस दौरान “स्वच्छ गंगा–निर्मल गंगा” के नारे भी लगाए गए। इस स्वच्छता अभियान में ईश्वर सिंह वर्मा, डॉ. विष्णु श्रीवास्तव, संदीप शुक्ला, विजय गुप्ता, सौरभ गुप्ता और सुरेश मैनेजर सहित मॉर्निंग वॉकर ग्रुप के कई सदस्यों ने सक्रिय रूप से श्रमदान किया। महाना बोले- गंगा भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवनरेखा सौरभ महाना ने इस अवसर पर कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवनरेखा है। उन्होंने जोर दिया कि इसकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। महाना ने यह भी बताया कि यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। मॉर्निंग वॉकर ग्रुप ने संकल्प लिया है कि मेस्कर घाट से नजफगढ़ तक के प्रमुख घाटों पर प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, महाराजपुर क्षेत्र के घाटों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *