कांशीराम अस्पताल की लैब में मिला एक मीटर का सांप:30 मिनट चला सर्च ऑपरेशन, टीम को नहीं मिला सुराग


कानपुर के रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल की इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (आईपीएचएल) में शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक मीटर लंबा सांप दिखने से हड़कंप मच गया। सांप के लैब में घुसने की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की एक टीम कांशीराम अस्पताल पहुंची। टीम ने लैब के अंदर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 30 मिनट तक सघन तलाशी अभियान चलाया। कर्मचारियों की मौजूदगी वाले इस संवेदनशील इलाके में सांप की तलाश के लिए संभावित स्थानों को खंगाला गया, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी सांप का कोई पता नहीं चल सका। फायर टीम के बाद स्नेक रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने भी आसपास के क्षेत्र में सांप की तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि सूचना मिलते ही एक यूनिट के साथ कांशीराम अस्पताल की लैब और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया था। लगभग 30 मिनट तक तलाश करने के बावजूद सांप नहीं मिला। फायर अधिकारी के अनुसार, जिस स्थान पर सांप दिखाई देने की सूचना मिली थी, वहां टीम ने काफी देर तक तलाश की। सांप के नहीं मिलने से यह संभावना जताई जा रही है कि वह किसी रास्ते से अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया होगा। फिलहाल, टीम को मौके पर सांप नहीं मिला। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह की लैब में सांप मिलने की सूचना से कुछ देर के लिए कर्मचारियों और मरीजों के तीमारदारों में चिंता का माहौल रहा। हालांकि, तलाशी अभियान के बाद सांप के नहीं मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अस्पताल परिसर में सांप के आने का रास्ता क्या था, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *