![]()
भदोही में आगामी श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा-2026 के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिले से लगभग 42-43 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरता है, जिसका उपयोग प्रयागराज और वाराणसी जाने वाले कांवड़ श्रद्धालु लगातार करते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित की गई है, जबकि सामान्य वाहनों का संचालन दूसरी लेन से होगा। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 28 प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट चिन्हित किए गए हैं और तीन चेक पोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले प्रमुख कटों और सर्विस लेन पर बूम बैरियर लगाए जा रहे हैं। बड़े कटों को बंद करने के संबंध में एनएचएआई से समन्वय स्थापित किया गया है, जिस पर कार्य शुरू हो चुका है। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है, जिसके लिए ड्यूटी प्लान तैयार कर लिया गया है। पूरे कांवड़ मार्ग की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है, जो भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करेगी। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए शुक्रवार, शनिवार और रविवार को विशेष सतर्कता बरती जाएगी। यूपी-112 की लगभग 15 पीआरवी पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त करेंगी।
सभी थाना प्रभारियों की ड्यूटी सेक्टरवार निर्धारित की गई है। पूरे जनपद को चार सुपर जोन और विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख मंदिरों, कांवड़ शिविरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। पुलिस ने सभी कांवड़ श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित लेन का ही प्रयोग करें, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें और पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। भदोही पुलिस सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Source link
कांवड़ यात्रा मार्ग का DM-SP ने किया निरीक्षण:भदोही में 28 ट्रैफिक पॉइंट, 3 चेक पोस्ट स्थापित; 42 किमी हाईवे पर व्यवस्था