कल से 'वृक्षारोपण महायज्ञ' की शुरुआत:महोबा में 76 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, नाग देवता मंदिर प्रांगण से होगी शुरुआत


उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई से योगी सरकार के नेतृत्व में वृक्षारोपण महाभियान शुरू हो रहा है। इस दौरान पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अकेले महोबा जिले में 76 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। बुंदेलखंड को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से महोबा में इस महाभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर 12 जुलाई को कलेक्ट्रेट परिसर के पास स्थित नाग देवता मंदिर प्रांगण से इसकी शुरुआत की जाएगी। महोबा के प्रभागीय वनाधिकारी देवाशीष जेना ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम विकास, पंचायती राज, उद्यान, बेसिक शिक्षा और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम सहित 25 से अधिक सरकारी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पौधों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों का उपयोग किया जा रहा है। इस महाअभियान की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें केवल पौधे लगाए नहीं जाएंगे, बल्कि उनके जीवित रहने और रखरखाव की भी पुख्ता कार्ययोजना तैयार की गई है। महोबा की स्थानीय जरूरतों के अनुसार छायादार पीपल, बरगद, शोभाकार पौधों के साथ-साथ फलदार आम और आंवले के पौधे भी रोपे जा रहे हैं। जनपद में पारंपरिक देशी आम के बागों के पुनरुद्धार के लिए किसानों को मुफ्त पौधों का वितरण किया जा रहा है। वन विभाग और जिला प्रशासन ने जनपद वासियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और बच्चों से 12 जुलाई को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *