कम्पिल में आचार्य विशुद्ध सागर महाराज का मंगल प्रवेश:फर्रुखाबाद में बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों से स्वागत, श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा


फर्रुखाबाद के कम्पिल में जैन धर्म के 13वें तीर्थंकर भगवान श्री 1008 विमलनाथ की जन्मस्थली कम्पिल में बुधवार को आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महामुनिराज ससंघ का मंगल प्रवेश हुआ। यह प्रवेश आषाढ़ कृष्ण अष्टमी के शुभ अवसर पर मोक्ष कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में किया गया। प्रातः 7 बजे कायमगंज रोड स्थित निरीक्षण भवन के निकट बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। श्रद्धालुओं ने जयघोष, बैंड-बाजों, ढोल तथा जैन धर्म ध्वज के साथ आचार्य श्री का अभिनंदन किया। मंगल प्रवेश के उपरांत एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु आचार्य श्री के साथ भगवान श्री विमलनाथ दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र पहुंचे। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आचार्य श्री का स्वागत किया गया। तीर्थक्षेत्र पहुंचने पर मोक्ष कल्याणक महोत्सव के अंतर्गत पूजन, मंगलाचरण, धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं धर्मसभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया। तीर्थक्षेत्र समिति के अनुसार, आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज लखनऊ से विहार करते हुए कम्पिलजी पहुंचे हैं। यहां से वे भगवान पार्श्वनाथ की केवलज्ञान भूमि अहिच्छत्रजी के लिए विहार करेंगे, जिसके बाद दिल्ली में चातुर्मास करेंगे। उनके विहार से दोनों प्राचीन जैन तीर्थों पर श्रद्धालुओं को दर्शन, प्रवचन एवं आशीर्वाद का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ है। इस यात्रा में संघपति श्याम लाल जैन परिवार सहित सोनिया जैन, दिशा जैन, नवीन जैन, प्रवीण जैन, संतोष जैन, निशा जैन एवं अन्य श्रद्धालु भी ससंघ उपस्थित रहे। समिति के मैनेजर अनुराग जैन ने बताया कि महोत्सव में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष पुष्पराज जैन ‘पम्मी’, उपाध्यक्ष सर्वेश जैन, सुधीर जैन, महामंत्री सुशील जैन, प्रचार मंत्री पंडित कमल कुमार जैन, कोषाध्यक्ष पवन कुमार जैन, आशीष जैन, अंकुर जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालीं। कम्पिल सिटी इंचार्ज हरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *