कन्नौज में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप:मायके वालों ने की अंतिम संस्कार रोकने की कोशिश, पुलिस पहुंची


कन्नौज के खबरिया गांव में एक विवाहिता की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार रोक दिया। यह घटना गांव के बाहर चिता लगाए जाने के दौरान रविवार शाम करीब 6 बजे हुई, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। यह मामला विशुनगढ़ क्षेत्र के खबरिया गांव का है। यहां अंशुल राजपूत की 28 वर्षीय पत्नी मोहिनी का 13 जुलाई को पड़ोसी रामनिवास से बच्चों के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोप है कि रामनिवास ने मोहिनी की लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिजनों ने मोहिनी को गंभीर हालत में इटावा जिले के सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इस मामले में पति अंशुल की तहरीर पर पुलिस ने रामनिवास के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की थी। रविवार को इलाज के दौरान मोहिनी ने सैफई मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को खबरिया गांव ले आए और गांव के बाहर खेत में चिता सजाई। मुखाग्नि से ठीक पहले हरदोई जिले के लभेड़ा गांव से मोहिनी के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और चिता की लकड़ियां फेंक दीं। दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छिबरामऊ, सौरिख और सकरावा थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद देर शाम विवाहिता का अंतिम संस्कार संपन्न हो सका।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *