कंचौसी नहर पुल के पास 4 दुकानें जलकर राख:आग से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान, लेखपाल ने किया आकलन


कानपुर देहात के कंचौसी नहर पुल के पास सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से चार दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना में दुकानदारों को लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया है। जानकारी के अनुसार, कंचौसी नहर पुल के समीप मोहम्मद समीर, मोहित कुमार, मुकेश और सुभाषचंद्र की दुकानें स्थित थीं। सोमवार सुबह जब लोगों को आग लगने की जानकारी हुई, तब तक आग भीषण रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने अपने संसाधनों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी चारों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल देवराज मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्षति आकलन रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है। लेखपाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी इस संबंध में जानकारी ली है। हालांकि, विभाग ने शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना से इनकार किया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *