औरैया में वकीलों का दूसरे दिन भी प्रदर्शन:लखनऊ चैंबरों पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी


औरैया में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को लखनऊ जिला अदालत परिसर के बाहर वकीलों के चैंबरों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हाईकोर्ट के आदेश पर लगभग 240 चैंबर ध्वस्त किए जाने से नाराज वकीलों ने सुबह 10 बजे कचहरी परिसर से जेसी चौराहे तक मार्च निकाला और प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने इस कार्रवाई को दमनात्मक बताया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन के कारण अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से दूर रहे, जिससे न्यायालयों का कामकाज प्रभावित हुआ। दूरदराज से आए सैकड़ों वादकारियों को बिना सुनवाई के वापस लौटना पड़ा, जिससे उन्हें काफी असुविधा हुई। धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा वकीलों के चैंबरों पर की गई कार्रवाई अन्यायपूर्ण है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में सुनील दुबे, सुनील मिश्रा, अखिलेश सक्सेना, कुलदीप शुक्ला, अनुराग त्रिपाठी, शिवम शर्मा, पंकज अवस्थी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। इंद्रपाल भदोरिया, अजय पाल, अभिषेक शुक्ला, रवि तिवारी, जितेंद्र दोहरे, सुधीर गौतम, अतेंद्र पांडे और विशाल पोरवाल जैसे अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *