औरैया में पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर:दरोगा की मौत, हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल


औरैया में बुधवार रात मिहौली फ्लाईओवर बाईपास पर एक भीषण सड़क हादसे में हाईवे गश्त पर निकली पुलिस टीम की जीप को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उप निरीक्षक दिनेश भदौरिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेड कांस्टेबल सुरेश और हेड कांस्टेबल मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उप निरीक्षक दिनेश भदौरिया (निवासी फतेहपुर, आगरा) को मृत घोषित कर दिया। मुख्य आरक्षी सुरेश (निवासी हमीरपुर) और आरक्षी मनोज (निवासी झांसी) का उपचार जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन संख्या HR38AL4334 छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों का बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक उप निरीक्षक दिनेश भदौरिया हाईवे पर गश्त ड्यूटी कर रहे थे। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *