एलडीए की लापरवाही, फंसी सीजी सिटी की मास्टर प्लान रोड:10 साल बाद निकाला टेंडर, अब रास्ते में मकान और अतिक्रमण


लखनऊ विकास प्राधिकरण की सुस्त कार्यशैली का बड़ा मामला सामने आया है। सुल्तानपुर रोड स्थित सीजी सिटी योजना में प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का काम 10 साल तक शुरू नहीं हो सका। इस देरी का नतीजा यह हुआ कि अब सड़क की जमीन पर पक्के मकान, बाउंड्रीवाल और अतिक्रमण खड़े हो गए हैं। मुख्य अभियंता ने 11 मई को मौके का निरीक्षण किया तो स्थिति देखकर नाराजगी जताई। जांच में सामने आया कि सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना 27 दिसंबर 2013 को जारी की गई थी। इसके बाद 13 जुलाई 2016 को 2.737 हेक्टेयर भूमि का अवार्ड भी घोषित हो गया था। इसके बावजूद अभियंत्रण खंड जोन-1 ने सड़क निर्माण का टेंडर नवंबर 2025 में जारी किया। करीब एक दशक तक काम शुरू न होने से अब सड़क निर्माण मुश्किल में पड़ गया है। कई स्थानों पर लोगों ने स्थायी निर्माण करा लिए हैं। ऐसे में रोड एलाइनमेंट तक बदलने की नौबत आ गई है। मुख्य अभियंता ने मामले को गंभीर मानते हुए जिम्मेदार अभियंताओं की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि टेंडर जारी करने में हुई देरी के लिए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम सहित एक सप्ताह में रिपोर्ट पेश की जाए। वेलनेस सिटी योजना में भी फंसा सड़क निर्माण सुल्तानपुर रोड पर प्रस्तावित वेलनेस सिटी योजना में भी सड़क निर्माण विवादों में घिर गया है। जहां सड़क प्रस्तावित है वहां कई जगह निर्माण और कब्जे सामने आए हैं। बीती 8 मई को एलडीए वीसी ने योजना क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अर्जन विभाग के कर्मचारियों से पूछा कि सड़क निर्माण में बाधा बनने वाले गाटा नंबर कौन-कौन से हैं, वहां किसके निर्माण हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। हालांकि अर्जन विभाग की टीम संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इससे नाराज वीसी ने विशेष कार्याधिकारी संगीता राघव से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि अर्जन विभाग का रवैया योजना के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वीसी ने निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण में आ रहे जमीन विवादों को जल्द दूर कर काम आगे बढ़ाया जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *