एक्सप्रेसवे पर डंपर से टकराई बस, लगी आग:फिरोजाबाद में चालक जिंदा जला, 3 दर्जन यात्री झुलसे; कई की हालत गंभीर


फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक लग्जरी बस, बालू से भरे डंपर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। हादसे में बस चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में 36 लोग झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, बस में करीब चार दर्जन यात्री सवार थे। जब बस एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 43.300 के पास पहुंची, तभी आगे चल रहा डंपर अचानक डिवाइडर से टकरा गया। पीछे आ रही लग्जरी बस भी अनियंत्रित होकर डंपर से भिड़ गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। मामला थाना मटसेना क्षेत्र में गुरुवार देर रात का है। बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी। तीन तस्वीरें देखिए… चीख-पुकार के बीच यात्रियों ने बचाई जान बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग आग की लपटों के बीच बस से कूदकर बाहर निकले। सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस, अन्य थानों का फोर्स, यूपीडा कर्मी और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए। एसडीएम शिकोहाबाद डॉ. गजेंद्रपाल भी घटनास्थल पहुंचे। दमकल ने डेढ़ घंटे में पाया काबू घटना के बाद कई दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल फतेहाबाद और शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचाया गया। शिकोहाबाद अस्पताल में 15 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिनमें से 14 को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एक घायल युवती का इलाज शिकोहाबाद में जारी है।
चालक की मौत, कंडक्टर गंभीर थाना प्रभारी मटसेना ने बताया कि हादसे में बस चालक की मौत हो गई है, जबकि कंडक्टर की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं एसडीएम शिकोहाबाद डॉ. गजेंद्र पाल सिंह ने भी चालक की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि कंडक्टर का इलाज जारी है। कई जिलों के यात्री घायल हादसे में कानपुर, औरैया, जालौन, उन्नाव, फतेहाबाद और हरियाणा के गुरुग्राम समेत विभिन्न जिलों के यात्री झुलसे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी घायलों का उपचार शुरू कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *