![]()
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में स्टूडेंट यूनियन बहाली की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार मध्य रात अचानक उग्र हो गया। 16 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता यासिर फहद को मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए रात करीब एक बजे प्रॉक्टर टीम और मेडिकल कॉलेज की टीम डक पॉइंट स्थित धरना स्थल पहुंची। यासिर की लगातार बिगड़ती तबीयत को देखते हुए टीम ने उन्हें धरने से उठाकर मेडिकल कॉलेज ले जाने का प्रयास किया, लेकिन यासिर ने जाने से इनकार कर दिया। छात्रों ने भी इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख कुछ ही देर में प्रॉक्टरियल टीम वापस लौट गई, लेकिन यासिर को धरना स्थल से हटाने की कोशिश की खबर पूरे कैंपस में तेजी से फैल गई। इसके बाद अलग-अलग हॉस्टलों से छात्र डक पॉइंट की ओर पहुंचने लगे। रात करीब दो बजे तक यहां करीब 1500 से 2000 छात्रों के जुटने की बात सामने आई। छात्र बेहद आक्रोशित थे और लगातार नारेबाजी कर रहे थे। ‘ये अब्र यहां से उठेगा’ के नारों से गूंजा डक पॉइंट डक पॉइंट पर छात्रों ने स्टूडेंट यूनियन बहाली की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘वी वांट यूनियन’, ‘ये अब्र यहां से उठेगा’ और ‘जब-जब वीसी डरती है, पुलिस को आगे करती है’ जैसे नारे देर रात तक गूंजते रहे। छात्रों का कहना था कि 16 दिन से चल रहे आंदोलन के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं कर रहा है। यासिर को मेडिकल कॉलेज ले जाने की कोशिश के बाद छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती गई। इससे डक पॉइंट देर रात आंदोलन का सबसे बड़ा केंद्र बन गया। छात्र धरना स्थल पर जमा होकर नारेबाजी और प्रदर्शन करते रहे। अब्दुल्ला कॉलेज गेट पर छात्राओं ने संभाला मोर्चा इसी बीच आंदोलन का दूसरा बड़ा केंद्र अब्दुल्ला कॉलेज का गेट बन गया। डक पॉइंट पर छात्रों के जुटने के साथ ही अब्दुल्ला कॉलेज के अंदर आईजी हॉल की छात्राओं ने भी विरोध शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्राएं हॉस्टल के गेट पर पहुंच गईं और नारेबाजी करने लगीं। इस दौरान छात्राओं ने गेट पीटा और ताला तोड़कर गेट खोलने का प्रयास भी किया। छात्राओं की ओर से भी स्टूडेंट यूनियन बहाली के समर्थन में नारे लगाए गए। देर रात तक अब्दुल्ला कॉलेज का गेट छात्राओं के प्रदर्शन का केंद्र बना रहा। कैंपस में एक साथ दो जगह प्रदर्शन, बढ़ी सुरक्षा इस तरह देर रात एएमयू में आंदोलन के दो प्रमुख केंद्र बन गए। पहला डक पॉइंट स्थित धरना स्थल, जहां बड़ी संख्या में छात्र जुटे थे और दूसरा अब्दुल्ला कॉलेज का गेट, जहां छात्राएं प्रदर्शन कर रही थीं। दोनों जगह लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते कैंपस का माहौल तनावपूर्ण हो गया। कैंपस के बाहर पुलिस बल निगरानी में रहा, जबकि अंदर प्रॉक्टरियल टीम और सुरक्षा स्टाफ को तैनात किया गया। अब्दुल्ला कॉलेज के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई। तड़के तक दोनों स्थानों पर छात्रों और छात्राओं का प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही। 16वें दिन आंदोलन ने लिया नया मोड़ स्टूडेंट यूनियन बहाली की मांग को लेकर यासिर फहद की भूख हड़ताल मंगलवार को 16वें दिन में पहुंची थी। दिनभर धरना जारी रहने के बाद रात में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाने की कोशिश की गई। इसी के बाद छात्रों का विरोध तेज हो गया और देखते ही देखते पूरा कैंपस आंदोलन की लहर में आ गया। एक तरफ डक पॉइंट पर हजारों की संख्या में छात्र जुटे रहे तो दूसरी तरफ अब्दुल्ला कॉलेज गेट पर छात्राओं ने मोर्चा संभाल लिया। देर रात तक दोनों केंद्रों पर प्रदर्शन जारी रहने से एएमयू कैंपस में तनाव की स्थिति बनी रही। यासिर का आरोप: रात में उठाने और छात्रों पर लाठीचार्ज की आशंका जताई भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता यासिर फहद ने मंगलवार रात वीडियो जारी कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। यासिर ने कहा कि प्रोटेस्ट साइट पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने की तैयारी की जा रही है। उनके मुताबिक, प्रॉक्टर ने यूपी पुलिस के साथ अपनी टीम को भी सक्रिय कर रखा है और रात में उन्हें धरना स्थल से उठाने की कोशिश की जा सकती है। यासिर ने यह भी दावा किया कि धरना स्थल पर मौजूद सामान्य छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने की आशंका है। उन्होंने छात्रों से बड़ी संख्या में प्रोटेस्ट साइट पर पहुंचने की अपील की। वीडियो में यासिर ने कहा कि यदि उन्हें या किसी सामान्य छात्र के साथ जबरन कार्रवाई, मारपीट या किसी तरह का नुकसान होता है तो इसके लिए एएमयू प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने वाइस चांसलर और प्रॉक्टर समेत विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों को इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। यासिर ने अपने वीडियो में कहा कि यदि किसी छात्र को जान-माल का नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी भी प्रशासन की होगी।
Source link
एएमयू में आधी रात उबाल:यासिर को उठाने पहुंची मेडिकल टीम तो भड़के छात्र, डक पॉइंट और अब्दुल्ला गेट बने प्रदर्शन के दो केंद्र