![]()
उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। आईबीपी चौराहा के सामने स्थित रानी मैरिज हॉल का जर्जर छज्जा अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान छज्जे के नीचे खड़ी एक कार मलबे की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात करीब एक बजे हुई। तेज आवाज के साथ छज्जा गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। धमाके जैसी आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर या वाहन चालक मौजूद नहीं था, जिससे कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के उस हिस्से पर आवागमन तत्काल रोक दिया और लोगों को मलबे से दूर रहने की हिदायत दी। इसके बाद क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भवन काफी समय से जर्जर अवस्था में था और उसका छज्जा कभी भी गिर सकता था। इसके बावजूद, न तो भवन मालिक ने समय पर मरम्मत कराई और न ही संबंधित विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई की।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका ने पूर्व में शहर के जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित किया था, लेकिन अधिकांश भवनों के मालिकों को न तो प्रभावी नोटिस जारी किए गए और न ही उन्हें सुरक्षित कराने के लिए कोई सख्त कदम उठाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस की मौजूदगी में मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से शहर के सभी जर्जर भवनों का दोबारा सर्वे कर उन पर कार्रवाई की मांग की है।
Source link
उन्नाव में रानी मैरिज हॉल का छज्जा गिरा:नीचे खड़ी कार क्षतिग्रस्त, आवागमन रोका गया