![]()
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर मंगलवार रात एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वृद्धा की बेटी और दामाद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान माखी थाना क्षेत्र के गंगई खेड़ा गांव निवासी नन्हक्की (70) पत्नी स्वर्गीय सीताराम के रूप में हुई है। वह लगभग दस दिन पहले अपनी बेटी राम देवी (35) की ससुराल आसीवन थाना क्षेत्र के कुरसठ ग्रामीण के मजरा बादुल्ला खेड़ा आई थीं। मंगलवार रात नन्हक्की अपनी बेटी और दामाद राकेश (40) के साथ बाइक से अपने गांव लौट रही थीं। परसौरा गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. अभिषेक चक्रवर्ती ने नन्हक्की को मृत घोषित कर दिया। राम देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि राकेश का उपचार वहीं किया गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर आसीवन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार बोलेरो चालक की तलाश जारी है।
Source link
उन्नाव में बोलेरो की टक्कर से वृद्धा की मौत:बेटी-दामाद गंभीर घायल, बेटी से मिलने आईं थी, गांव वापस लौट रही थी