उन्नाव में बिजली कटौती से लोग परेशान:कब्बा खेड़ा पावर हाउस पर किया प्रदर्शन, 5 घंटे गुल रही बिजली


उन्नाव जिले में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। अघोषित कटौती और लगातार फॉल्ट से परेशान उपभोक्ताओं ने कब्बा खेड़ा पावर हाउस पर प्रदर्शन किया। गुरुवार रात करीब 10 बजे से शुक्रवार सुबह तीन बजे तक लगातार बिजली गुल रहने से लोग आक्रोशित थे। करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोग गर्मी में बेहाल रहे। सुबह करीब पांच बजे आपूर्ति शुरू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 33 केवी मुख्य लाइन में आए दिन फॉल्ट हो जाता है, जिसे ठीक करने में घंटों लग जाते हैं। जुरखान खेड़ा, सिविल लाइंस, रामपुरी और पूरन नगर सहित आसपास के कई इलाकों में रात-रात भर बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। रात में कई घंटों तक बिजली न आने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है, जिसका असर उनकी सुबह की दिनचर्या पर पड़ रहा है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं नौकरीपेशा लोगों को समय पर कार्यालय पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं। गर्मी और उमस के कारण रात में घरों के अंदर रहना भी मुश्किल हो गया है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों के अनुसार, बिजली संकट के दौरान सीयूजी नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन अक्सर फोन नहीं उठता या नंबर बंद मिलता है, जिससे विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। गुरुवार रात करीब पांच घंटे तक लगातार बिजली गुल रहने के बाद उपभोक्ता कब्बा खेड़ा पावर हाउस पहुंच गए और धरना देकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि 33 केवी लाइन के फॉल्ट और अघोषित कटौती की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *