![]()
उन्नाव के सरैया ग्राम पंचायत के कृष्णापुरम इलाके में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। जलकल विभाग मरहला चौराहे पर दर्जनों इंजनों से लगातार पानी निकाल रहा है, लेकिन निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से पानी आसपास के इलाकों में ही जमा हो रहा है। कृष्णापुरम समेत आसपास के मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और पानी अब घरों तक पहुंचने लगा है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने से जलकल विभाग मरहला चौराहे पर दर्जनों इंजनों से पानी निकाल रहा है। आरोप है कि पंपों से निकाला जा रहा पानी आगे उचित तरीके से नहीं पहुंच पा रहा और आसपास के निचले इलाकों में जमा हो रहा है। इससे सड़क, खाली प्लॉट और निचले हिस्सों में लगातार जलभराव बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो कई घर इसकी चपेट में आ सकते हैं। तीन दिन पहले एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने भी इलाके में जलनिकासी की व्यवस्था कराई थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी। आने-जाने में परेशानी, गंदगी और बीमारी का खतरा लगातार पानी जमा होने से ग्रामीणों को घरों से निकलने और आने-जाने में परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण आसपास गंदगी बढ़ रही है, जिससे स्थानीय लोगों को बीमारियां फैलने का डर सता रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि केवल इंजन लगाकर पानी निकालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, जब तक निकाले गए पानी के लिए उचित निकासी का रास्ता नहीं बनाया जाता। गंगा का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों की मुश्किल बढ़ी इधर, गंगा का जलस्तर भी छह सेंटीमीटर बढ़ गया है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और बिगड़ गई है। गोताखोर, कर्बला, हुसैन नगर, मोहम्मद नगर, रविदास नगर और मनोहर नगर के निचले हिस्सों से पानी पूरी तरह नहीं निकल सका है। कई स्थानों पर अब भी पानी जमा है। ऐसे में स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है कि अगर गंगा का जलस्तर और बढ़ा या बारिश हुई तो जलभराव और गंभीर हो सकता है। तस्वीरें देखिए…
Source link
उन्नाव में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात:डेढ़ महीने से दर्जनों इंजन पानी निकाल रहे, निकासी न होने से मोहल्लों में जमा; घरों तक पहुंचा पानी