![]()
उन्नाव में रविवार देर रात और सोमवार तड़के दो अलग-अलग हादसों में तीन लोग घायल हो गए। पहली घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की एक सोयाबीन कंपनी में हुई, जहां वाहन से सामान उतारते समय एक युवक नीचे गिर गया। वहीं दूसरी घटना गंगा एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां कपलिंग निकलने से बेकाबू हुई बोलेरो करीब चार बार पलट गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। रविवार रात करीब 12:30 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र में गोकुल बाबा के पास स्थित सोयाबीन कंपनी में पड़री नेवरना निवासी गोपाल वाहन से सामान उतार रहा था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए गोपाल को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने भी घटना की जानकारी ली है। गंगा एक्सप्रेसवे पर कपलिंग निकलने से पलटी बोलेरो दूसरा हादसा सोमवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर 434 नंबर के पास हुआ। अलीगढ़ से प्रतापगढ़ जा रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक वाहन सड़क पर करीब चार बार पलटा। बोलेरो चालक इरफान ने बताया कि वाहन में तीन लोग सवार थे। लखनऊ से गंगा एक्सप्रेसवे पर आने के बाद करीब 50 किलोमीटर आगे अचानक गाड़ी की कपलिंग निकल गई। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो पलट गई। उस समय एक्सप्रेसवे पर कोहरा भी था। दो घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती हादसे में एक व्यक्ति के सिर में अंदरूनी चोट आई, जबकि दूसरे को रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source link
उन्नाव में कंपनी और एक्सप्रेसवे पर हादसे, 3 घायल:सामान उतारते समय नीचे गिरा युवक; कपलिंग निकलने से 4 बार पलटी बोलेरो