![]()
उन्नाव में थाना दही पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कार में सवारी बैठाकर लूटपाट करता था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, कार और लूटा गया सामान बरामद किया गया है। एसएसपी जयप्रकाश सिंह और एएसपी अखिलेश सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में इस खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और थाना दही पुलिस को सूचना मिली थी। यह सूचना थी कि कुछ युवक कार में लोगों को सवारी बनाकर बैठाते हैं और सुनसान जगहों पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट करते हैं।
इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया, जिसमें चार युवक सवार थे। पूछताछ में उनकी पहचान रोहन उर्फ अक्षत वर्मा (गांधीनगर, शुक्लागंज), यश शुक्ला (शुभाष नगर, शुक्लागंज), यश तिवारी (कृष्णानगर, शुक्लागंज) और आदित्य गुप्ता उर्फ यश गुप्ता (सुभाष नगर, शुक्लागंज) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, चार मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और लूटा गया सामान बरामद किया। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी रोहन उर्फ अक्षत वर्मा कार चालक था। वह कानपुर से लखनऊ जाने वाली सवारियों को अपनी कार में बैठाता था। रास्ते में पहले से मौजूद उसके साथी यात्रियों को हथियार दिखाकर डराते, मारपीट करते और उनसे नकदी व अन्य सामान लूट लेते थे। इसके बाद वे पीड़ितों के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर थाना दही में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना दही पुलिस टीम के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link
उन्नाव पुलिस ने लूटेरे गिरोह का किया पर्दाफाश:कार में सवारी बैठाकर लूटते थे, चार आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामद