ईद नमाज के विरोध पर हिंदू महासभा नेता नजरबंद:ताजमहल पर जाने से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका


आगरा में बकरीद पर शुक्रवार सुबह ताजमहल परिसर स्थित मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। नमाज को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हिंदू महासभा के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सुबह से ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया। शाहगंज क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात रही और ताजमहल की ओर जाने से कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। हिंदू महासभा के महानगर अध्यक्ष विशाल कुमार को शाहगंज स्थित आवास पर नजरबंद किया गया। वहीं जिला अध्यक्ष मीरा राठौर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतू ठाकुर, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने रोक लिया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि महाशिवरात्रि पर ताजमहल को फ्री नहीं किया जाता, जबकि ईद की नमाज के लिए तीन घंटे तक प्रवेश निशुल्क रखा गया। जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि ताजमहल में नमाज की अनुमति का हिंदू महासभा विरोध करती है। वहीं नितेश भारद्वाज और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर ने कहा कि संगठन ताजमहल परिसर में नमाज का तीव्र विरोध करेगा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के बीच “बम-बम भोले” और “जय श्रीराम” के नारे लगाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कार्रवाई की गई। ताजमहल परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। मौके पर थाना शाहगंज पुलिस और अन्य फोर्स तैनात रही। इस दौरान मनीष पंडित, विपिन राठौर, बाबू भाई, ओमप्रकाश ताऊजी, नंदू भाई, आरती राजपूत, रेखा देवी, बबलू निषाद, सागर चौहान, सिकंदर भाई, मनीष कुमार, ऋषभ भाई और महेश उर्फ गांधी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *