इलाज के दौरान अस्पताल में रिटायर्ड सिपाही की मौत:ललितपुर में परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग


ललितपुर के रामनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती रिटायर्ड हेड कांस्टेबल रामदयाल अहिरवार (65) की रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पेट में दर्द के बाद अस्पताल में कराया था भर्ती कोतवाली सदर क्षेत्र के सिद्दनपुरा टोरिया मंदिर के पास रहने वाले रामदयाल अहिरवार को रविवार दोपहर अचानक पेट में दर्द हुआ था। परिजन उन्हें पहले एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां से उन्हें शाम करीब 4 बजे रामनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंपाउंडर पर इंजेक्शन लगाने का आरोप परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती होने के करीब तीन घंटे बाद शाम 7 बजे रामदयाल की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सक ने स्वयं इलाज नहीं किया, बल्कि कंपाउंडर ने इंजेक्शन लगाया। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण रामदयाल की हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद चिकित्सक और अस्पताल का स्टाफ शव को छोड़कर वहां से चला गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ सिविल लाइन, नेहरू नगर और मंडी चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। रात करीब 9 बजे पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल के चिकित्सक ने मामले में बयान देने से इनकार कर दिया। वहीं, चिकित्सक संघ के अध्यक्ष समेत अन्य चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे। 2022 में ली थी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति मृतक के पुत्र सोनू ने बताया कि उनके पिता रामदयाल अहिरवार पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उन्होंने 31 जुलाई 2022 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *