इलाज का झांसा देकर घायल पुजारी को ले गए:गाड़ी बैक करने के दौरान मारी टक्कर, जंगल में छोड़ भागे, इलाज मिलने पर मौत


लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में सड़क हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विराम खंड-2 स्थित सिद्ध कामेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी घृष्ट घुग्न मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके सहयोगी देवकुमार दुबे को एक थार चालक ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी इलाज कराने का भरोसा देकर उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए, लेकिन बाद में उन्हें इधर-उधर की भ्रामक सूचनाएं देते रहे। फिर घायल को इंद्रानगर सेक्टर-19 के जंगल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए, जिससे समय पर इलाज नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया विराम खंड-1 स्थित देवा पैलेस के पास थार (UP51BP7011) को बैक करते समय चालक की लापरवाही से देवकुमार दुबे को टक्कर लग गई थी। हादसे के बाद चालक और उसके साथियों ने घायल को अस्पताल ले जाने की बात कही और पुजारी के बेटे अनूप को भी गाड़ी में बैठने के लिए कहा, लेकिन जैसे ही वह पीछे बैठने लगा, आरोपी तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर फरार हो गए। करीब एक घंटे बाद अज्ञात नंबर से फोन कर खुद को गार्ड बताते हुए एक व्यक्ति ने कहा कि घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करा दिया गया है और इलाज के लिए 10 हजार रुपए भी दिए गए हैं। अनूप जब ट्रॉमा सेंटर पहुंचा तो वहां देवकुमार नहीं मिले। कुछ देर बाद उसी नंबर से फिर फोन आया और बताया गया कि कुछ लोग घायल को कुकरैल नाले के पास छोड़कर भाग गए हैं, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चला। वहां पहुंचने पर भी कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए गोमतीनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हुसड़िया पुल के पास से अर्पित मिश्रा, प्रिंस तिवारी और पुष्पेंद्र कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हादसे के बाद वे देवकुमार दुबे को उपचार के बहाने अपने साथ ले गए थे, लेकिन इंद्रानगर सेक्टर-19 के जंगल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। समय पर इलाज न मिलने से देवकुमार दुबे की मौत हो गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *